Search

 
 
 

चक्रवाती तूफान अकवान : बारिश से धान और मडुवा की फसल पर संकट, किसानों को लाखों के नुकसान की आशंका

Ranchi News : लगातार बारिश ने किसानों के सामने एक साथ कई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं. खेतों में पानी भरने से कटाई का काम बाधित हो रहा है. वहीं तेज हवा से फसल गिरने और कटी हुई फसल के भीगने का खतरा बना हुआ है. दूसरी ओर, मजदूरी और खेती की लागत बढ़ने के बीच तैयार फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाना किसानों के लिए चुनौती बन गया है. किसानों को डर है कि मौसम की मार से इस बार उनकी उपज और आमदनी दोनों प्रभावित हो सकती हैं.
 
फसल पर संकट
  • खेतों में तैयार फसल की कटाई प्रभावित
  • तेज हवा से गिर रहे धान के पौधे
  • आलू समेत सब्जियों की खेती पर भी मंडराया खतरा

Ranchi News :  चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खेतों में धान और मड़ुवा (रागी) की फसल पककर तैयार है. कई इलाकों में धान की कटाई भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में लगातार बारिश और तेज हवा ने किसानों के सामने तैयार फसल को काटने और सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. कई जगहों पर खेतों में पानी जमा हो गया है. जबकि तेज हवा के कारण धान के पौधे जमीन पर गिर रहे हैं. इससे फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है.

 

इसे भी पढ़ें

धान में लगाई गई पूंजी पर भी मंडरा रहा संकट 

बारिश का असर केवल खेतों में खड़ी फसल पर ही नहीं, बल्कि कटाई के बाद रखी गई फसल पर भी पड़ रहा है. खेतों में सूखने के लिए रखी गई फसल भी बारिश में भीग रही है. इससे धान में अंकुर निकलने, उनके सड़ने और काले पड़ने का खतरा बना हुआ है. वहीं, आलू समेत अन्य सब्जियों की खेती पर भी मौसम की मार पड़ने की आशंका है. लगातार बारिश के कारण किसानों की मेहनत के साथ-साथ खेती में लगाई गई पूंजी पर संकट मंडराने लगा है. किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का मिजाज जल्द नहीं बदला, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. 

 

धान की कटाई के साथ फसल को बचाने की चिंता : विनय पाहन

रातू निवासी किसान विनय पाहन ने बताया कि 15 खेतों में धान की खेती लगाने में लगभग 15 हजार रुपये की लागत आई है. इसके अलावा मजदूरों को प्रतिदिन करीब 400 रुपये तक मजदूरी देनी पड़ रही है. उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण धान की कटाई नहीं हो पा रही है. वहीं, कटाई के बाद फसल को सुरक्षित रखना भी मुश्किल हो गया है.

 

बारिश के कारण धान की कटाई करना मुश्किल : विनय उरांव

रातू के चितरकोटा निवासी विनय उरांव ने बताया कि उन्होंने करीब चार एकड़ जमीन में धान लगाया है. खेती से लेकर धान की कटाई तक में काफी खर्च हुआ है. धान काटने के लिए मजदूरों को 300 रुपये तक मजदूरी देनी पड़ रही है. पिछले करीब 15 दिनों से कटाई का काम चल रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है. इससे तैयार फसल को समय पर घर लाना मुश्किल हो गया है

 

 20 हजार पूंजी लगा दो एकड़ में की धान की खेती

जामुनटोली निवासी किसान विकास उरांव ने बताया कि उन्होंने छोटे-बड़े मिलाकर करीब 10 खेतों यानी दो एकड़ जमीन में धान की खेती की है. खेत की जुताई, रोपाई और मजदूरी समेत खेती में करीब 20 हजार खर्च हुए हैं. फसल तैयार करने में साढ़े तीन महीने की मेहनत लगी है. अब जब फसल पककर कटाई के लिए तैयार है, तो लगातार बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. उन्हें डर है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद रखे धान को भी नुकसान हो सकता है.


मडुवा की फसल पककर तैयार, कटाई नहीं होने से नुकसान का डर

बुड़मू के किसान अजीत कुमार ने बताया कि उन्होंने इस बार करीब दो एकड़ जमीन में मडुवा की खेती की है. खेत की जुताई, रोपाई, निकाई और कटाई की तैयारी तक में लगभग 15 हजार रुपये खर्च हुए हैं. फसल पूरी तरह पककर तैयार है. लेकिन चक्रवाती तूफान के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण कटाई नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा, तो मडुवा की फसल को भारी नुकसान हो सकता है. इससे उनकी महीनों की मेहनत के साथ खेती में लगाई गई पूरी पूंजी डूबने की आशंका है

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही