- रांची में रुक-रुक कर बारिश से सड़कों पर पसरा सन्नाटा
Ranchi News : बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके चलते राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. रांची में रूक-रूक कर बारिश हुई. इसकी वजह से बहुत कम लोग घरों से बाहर निकले. शहर के चौक-चौराहों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा जाम कम रहा.
इसे भी पढ़ें...
पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 53.2 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 53.2 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबांधा में दर्ज की गई. चक्रधरपुर में 52.2 मिमी, मझगांव में 47.2 मिमी, बहरागोड़ा में 46.4 मिमी, गुड़री में 43.5 मिमी और सदर चाईबासा में 41.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा कुमारडुंगी में 40 मिमी, चाईबासा में 33.4 मिमी, चाकुलिया में 28.6 मिमी और जमशेदपुर में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी रांची में 4.8 मिमी बारिश हुई.
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री गिरा
बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है. चाईबासा में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है. रांची में अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा. वहीं, डाल्टनगंज में 28.2 और बोकारो थर्मल में 28.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री देवघर में दर्ज हुआ. न्यूनतम तापमान की बात करें तो लातेहार में सबसे कम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 17.2 डिग्री और चाईबासा में 17.6 डिग्री रहा. जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

