Lagatar Desk : बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों करीना कपूर की क्राइम थ्रिलर फिल्म दायरा और कुणाल खेमू की फिल्म वाइब के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा है. हालांकि, पहले दिन की कमाई के आंकड़ों में वाइब ने दायरा को पीछे छोड़ दिया है.
‘दायरा’ ने पहले दिन किया इतना कलेक्शन
दायरा की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत कुछ खास नहीं रही. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 90 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है. फिल्म में करीना कपूर के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं.
फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है. बताया जा रहा है कि दायरा की कहानी 2019 के हैदराबाद केस से प्रेरित है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था. इस फिल्म के जरिए करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं. वहीं, मेघना गुलजार करीब तीन साल बाद निर्देशन में वापसी कर रही हैं.
वाइब ने पहले दिन कमाए 1.50 करोड़
वहीं, कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब’ ने ओपनिंग डे पर ‘दायरा’ से बेहतर प्रदर्शन किया है. शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में करीब 1.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है.
‘वाइब’ एक एक्शन-थ्रिलर-कॉमेडी फिल्म है. इसमें कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यू कर रहीं वंशिका धीर अहम भूमिकाओं में हैं. ‘मडगांव एक्सप्रेस’ के करीब दो साल बाद कुणाल खेमू ने इस फिल्म के जरिए निर्देशन में वापसी की है.

