Search

 
 
 

Daira X Review : कहानी व एक्टिंग की तारीफ, लेकिन स्क्रीनप्ले पर उठे सवाल

Lagatar Desk : फिल्म को जहां कुछ दर्शकों ने दमदार और सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी बताया है, वहीं कुछ लोगों को इसका स्क्रीनप्ले कमजोर लगा. यही वजह है कि फिल्म को फिलहाल सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है.
 
करीना कपूर की फिल्म दायरा रिलीज

Lagatar Desk : करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की क्राइम थ्रिलर फिल्म दायरा आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों के रिएक्शन सामने आने लगे हैं. 

 

फिल्म को जहां कुछ दर्शकों ने दमदार और सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी बताया है, वहीं कुछ लोगों को इसका स्क्रीनप्ले कमजोर लगा. यही वजह है कि फिल्म को फिलहाल सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है.

 

पुलिस अधिकारियों के किरदार में करीना-पृथ्वीराज

फिल्म में करीना कपूर DCP अजूनी कोहली और पृथ्वीराज सुकुमारन DCP रमन कुमार के किरदार में नजर आ रहे हैं. दोनों सीनियर पुलिस अधिकारियों की भूमिका निभा रहे हैं. कहानी में एक केस को सुलझाने को लेकर दोनों का नजरिया और जांच करने का तरीका अलग-अलग है.

 

यही मतभेद फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है.बताया जा रहा है कि दायरा की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है, जो राजी और तलवार जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती हैं. 

 

फिल्म की कहानी को लेकर क्या कह रहे हैं दर्शक

फिल्म देखने के बाद कुछ दर्शकों और क्रिटिक्स ने इसकी कहानी और विषय की तारीफ की है. उनका कहना है कि फिल्म एक गंभीर और जरूरी मुद्दे को सामने रखती है. कहानी दिलचस्प है और कई जगह दर्शकों को अंत तक बांधे रखने में कामयाब होती है.

 

 

हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म जिस तरह के सवाल खड़े करती है, अंत तक पहुंचते-पहुंचते उन्हीं सवालों के जवाब देने में उलझ जाती है. इससे कहानी कुछ दर्शकों को कंफ्यूज करती नजर आती है.

 

करीना और पृथ्वीराज की एक्टिंग की तारीफ

‘दायरा’ में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन के अभिनय को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. दर्शकों का कहना है कि दोनों कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को मजबूती से निभाया है. खासकर दोनों पुलिस अधिकारियों के अलग-अलग नजरिए को पर्दे पर दिखाने के लिए उनकी एक्टिंग की तारीफ की जा रही है.

 

आखिरी सीन तक कहानी से जुड़े रहते हैं दर्शक

दायरा को लेकर भी कुछ दर्शकों का कहना है कि इसकी कहानी उन्हें आखिर तक जोड़े रखती है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फिल्म को 2019 के तेलंगाना वेटरनरी डॉक्टर रेप-मर्डर और एनकाउंटर केस से प्रेरित बताया है. हालांकि, फिल्म की कहानी और वास्तविक घटना के बीच समानताओं को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

 

कुछ दर्शकों को कमजोर लगा स्क्रीनप्ले

जहां एक तरफ फिल्म की कहानी और एक्टिंग की तारीफ हो रही है, वहीं कुछ दर्शकों को यह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती लगी. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने मेघना गुलजार के निर्देशन और करीना कपूर-पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे कलाकारों की मौजूदगी के कारण फिल्म से ज्यादा उम्मीदें जताई थीं. हालांकि, उन्हें फिल्म का स्क्रीनप्ले कमजोर और कहानी की रफ्तार कुछ जगह धीमी लगी.

 

दायरा को मिल रहा है मिला-जुला रिस्पॉन्स

कुल मिलाकर करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ को सोशल मीडिया पर मिक्स्ड रिएक्शन मिल रहे हैं. कुछ दर्शकों को फिल्म की कहानी और कलाकारों का अभिनय पसंद आया है, जबकि कुछ ने स्क्रीनप्ले और कहानी के अंत को लेकर सवाल उठाए हैं. वहीं, कई यूजर्स का कहना है कि फिल्म का विषय उन्हें सोचने पर मजबूर करता है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही