Medininagar News : डाल्टनगंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. खाताधारक को चेकबुक मिले बिना ही उसके खाते से चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये निकाल लिए गए.
मामले में खाताधारक विनय कुमार महतो ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के अनुसार, विनय कुमार महतो का खाता डाल्टनगंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में है. उन्होंने 13 अगस्त को चेकबुक के लिए आवेदन किया था. बैंक की ओर से चेकबुक उनके पते पर भेजे जाने की बात कही गयी थी, लेकिन उन्हें चेकबुक प्राप्त नहीं हुई.
इसके बावजूद 24 अगस्त को उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया कि चेक नंबर 140026 के जरिए उनके खाते से 3.50 लाख रुपये की निकासी की गई है. मैसेज मिलते ही वह बैंक पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी मांगी. बैंक में उन्हें बताया गया कि चेक के माध्यम से राशि का भुगतान किया गया है.
खाताधारक ने भुगतान किए गए चेक को देखा तो उस पर मौजूद हस्ताक्षर को अपना मानने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि जब चेकबुक उन्हें मिली ही नहीं, तो उनके खाते से चेक के जरिए भुगतान कैसे कर दिया गया.
शिकायतकर्ता के मुताबिक बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. इसमें कथित तौर पर किसी व्यक्ति द्वारा उनके नाम पर आई चेकबुक बैंक से लेने और चेक पर सेल्फ लिखकर हस्ताक्षर करने के बाद राशि निकालने की बात सामने आई.
इसके बाद खाताधारक ने थाना में शिकायत की. पुलिस की मौजूदगी में बैंक अधिकारियों से राशि वापस करने को लेकर बातचीत हुई. आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई.
खाताधारक ने बैंक के अकाउंटेंट और कैशियर समेत अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है. शहर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

