Search

 
 
 

दरभंगा : आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार

बिहार के दरभंगा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है  ग्रामीण कार्य विभाग, बिरौल के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम को आय से अधिक संपत्ति मामले में हिरासत में लिया गया है.
 

Lagatar Desk :   बिहार के दरभंगा जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है  ग्रामीण कार्य विभाग, बिरौल के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम को हिरासत में लिया गया है.

 

उन पर आय से लगभग 90 लाख ज्यादा की संपत्ति बनाने का आरोप है. इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण कार्य विभाग सहित अन्य सरकारी दफ्तरों में भी हड़कंप मच गया है. 

 

कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी

जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग की आठ सदस्यीय टीम ने गुरुवार शाम कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर छापेमारी की. इनमें बिरौल का कार्यालय, लहेरियासराय में उनका किराये का मकान, पटना स्थित निजी आवास और पश्चिम चंपारण के बेतिया में उनका पैतृक घर शामिल है.

 

सभी जगहों पर दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजातों की जांच की गई. लहेरियासराय स्थित उनके किराये के घर पर छापेमारी के दौरान टीम ने बैंक से जुड़े कागजात और अन्य दस्तावेजों की जांच की.

 

वहीं बिरौल कार्यालय में भी फाइलें और रिकॉर्ड खंगाले गए. हालांकि वहां से कोई खास आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. इसके बाद आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ पटना ले गई. 

 

सूत्रों के अनुसार, बालेश्वर राम बिरौल में पदस्थापित थे. लेकिन वे ज्यादातर काम अपने निजी आवास से ही करते थे. इसको लेकर विभाग को कई शिकायतें मिली थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई. 

 

निगरानी डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि अभियंता से पूछताछ जारी है और सभी दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह मामला कांड संख्या 14/26 के तहत दर्ज किया गया है.

 

फिलहाल निगरानी की टीम अभियंता के बैंक खातों, संपत्तियों और लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

 

अधिकारियों का कहना है कि निगरानी विभाग भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार सख्त कदम उठा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही