Search

 
 
 

रामगढ़ में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में 1 करोड़ की लूट, 2 अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़ा

जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया है. नकाबपोश 6 बदमाश रजरप्पा थाना क्षेत्र के छतरपुर स्थित रजरप्पा मोड़ पर एक आभूषण दुकान में घुस गए और हथियार के बल पर सोना-चांदी के गहने व नगदी लूट ली. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
 

Ramgarh : रामगढ़ जिला अंतर्गत रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर रजरप्पा मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर शिवशंकर ज्वेलर्स नामक दुकान में पिस्टल दिखाकर दिनदहाड़े लगभग एक करोड़ रूपये के आभूषण और नगदी की डकैती कर ली गई.

Uploaded Image

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि दोपहर लगभग 3:30 बजे पांच - छह अपराधी बाइक से रजरप्पा मोड़ पहुंचे. जहां अपराधियों ने सबसे पहले उत्तम ज्वेलर्स में घुस कर आभूषण दिखाने को कहा.

 

यहां आभूषण नहीं दिखने के बाद अपराधियों ने शिवनारायण ज्वेलर्स में प्रवेश किया. यहां भी अपराधियों को आभूषण नहीं दिखाया गया, तो अपराधियों ने बगल के ही शिव शंकर ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया.

 

अपराधियों ने ज्वेलर्स दुकान के व्यवसायी विष्णु वर्मा को सोने का चेन दिखाने को कहा. जहां विष्णु ने अपने छोटे भाई विवेक वर्मा को चेन लाने को कहा. विष्णु को अकेले पाकर मौके का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने विष्णु पर पिस्टल तान दी. इसके बाद ज्वेलर्स शॉप से सोने, चांदी के आभूषण समेत लगभग एक करोड़ रुपये के नगदी की लूट कर ली गई.

 

मौके की नजाकत को देखते हुए विवेक ने आसपास के लोगों की भीड़ जुटाकर अपराधियों को घेर लिया. जहां तीन - चार अपराधी आभूषण और नगदी लेकर भागने में सफल रहे. जबकि ग्रामीणों ने दो अपराधियों को धर दबोचा और जमकर पिटाई कर दी. 

 

घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी फौजान अहमद, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. इसी बीच दुकानदार विष्णु वर्मा व विवेक वर्मा ने गेट में ताला जड़ दिया. और एसपी को बुलाने की मांग करने लगे. इस दौरान दोनों अपराधी गेट के अंदर मौजूद रहे.

 

पिटाई के कारण वे दोनों बेहोश हो गए. जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे. और दोनों अपराधियों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ ले गए. वहीं, पुलिस ने अपराधियों के पास से पिस्टल, मोबाइल और बाइक को भी जब्त किया. इस दौरान यहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. 


क्या कहते हैं दुकानदार विवेक 

दुकानदार सह व्यवसायी विवेक वर्मा ने बताया कि ग्राहक बनकर दो अपराधी आये और भैया को तीन-चार सोने के चेन दिखाने को कहा. मेरे भैया ने मुझे सोने की चेन लाने को कहा. मैं चेन लेकर पहुंचा, तो पांच - छह अपराधी पिस्टल दिखाकर लूटपाट कर रहे थे. यह देखकर मैने आसपास के लोगों को बुलाकर बाहर से ग्रिल को बंद करने का प्रयास किया. इस बीच तीन-चार अपराधी पिस्टल लहराते हुए भागने में सफल रहे. विवेक ने बताया कि सोना, चांदी और नगदी मिलाकर लगभग एक करोड़ रूपये की संपत्ति की लूट की गयी.


मामले का उद्भेदन जल्द- एसपी

घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की. उन्होंने व्यवसायियों से पूछताछ की और घटना की जानकारी ली. मौके पर एसपी ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से दो अपराधियों को पकड़ा गया है.

 

अपराधियों के पास से पिस्टल, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया है. एसपी ने कहा कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जायेगा. शीघ्र ही अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूट हुए सामानों की बरामदगी किया जाएगी.


अपराधियों की धर पकड़ में जुटी तीन थाना की पुलिस

दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना के बाद तीन थानों की पुलिस अपराधियों की धर पकड़ में जुट गई है. रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार व गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार एसपी के निर्देश पर घटनास्थल पहुंचे और अपराधियों के धर पकड़ में जुट गए हैं. साथ ही फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंच कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही