Ranchi News: रांची में बुधवार को कई प्रमुख पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. वहीं रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गीतांजली क्लब दुर्गा पूजा समिति, मोरहाबादी के दुर्गा पूजा पंडाल समेत कई पूजा पंडालों के उद्घाटन में शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने पंडाल की आकर्षक सजावट, कलात्मक झांकियों और भक्तिपूर्ण वातावरण का अवलोकन करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्गों, भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था तथा शांति व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान सुचारु एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
समारोह में उपस्थित जनसमूह ने पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे पंडाल का दर्शन किया. आयोजक संगठनों ने देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का संदेश दिया.
निरीक्षण के पश्चात् जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, सहयोग और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाएँ तथा प्रशासन के सहयोग से पूरे उत्सव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

