Jamshedpur: जमशेदपुर के जिला उपायुक्त ने रविवार को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अस्पताल की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल के विभिन्न वार्डों में पहुंचे. छठी मंजिल पर भर्ती ब्रेन मलेरिया और अन्य मलेरिया से पीड़ित मरीजों से उन्होंने सीधे बातचीत की. मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ-साथ उनके परिजनों से भी बातचीत कर इलाज और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.
इस मौके पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने उपायुक्त को मरीजों के इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी.
उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य मलेरिया मरीजों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की कोई कमी नहीं है और मरीजों को सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में चल रही जलापूर्ति संबंधी समस्या का समाधान किया जा रहा है और 15 जुलाई तक नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी.
उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के इलाज, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment