Jamtara News: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 35 लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया.
इसे भी पढ़ें:
अभिभावक के साथ पहुंचे युवक ने उपायुक्त को बताया कि उसके ननिहाल और पैतृक घर के पते से अलग-अलग नाम पर दो आधार कार्ड बन गए हैं. वर्तमान में वह कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है. युवक ने उपायुक्त से एक आधार कार्ड को नियमानुसार हटाने की गुहार लगाई. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा जनता दरबार में जन्म प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण, म्यूटेशन, गोचर भूमि पर अतिक्रमण, बिजली कनेक्शन, अबुआ आवास की राशि दूसरे खाते में जाने, दिव्यांगता जांच व पेंशन, मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी तथा जमीन से जुड़े मामलों की शिकायतें भी सामने आईं.
गोचर भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोचर भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी.
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निष्पादन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

