Gumla News: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन हुआ. जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और समाधान की मांग को लेकर आवेदन सौंपे. जन शिकायत दिवस में आवास, जर्जर सड़क, आंगनबाड़ी सेविका की नियुक्ति समेत कई मामले सामने आए.
इसे भी पढ़ें:
भरनो प्रखंड की संगीता कुमारी तथा सिसई प्रखंड की सुकनु देवी और शनिचरिया उरांव ने अंबेडकर आवास उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उपायुक्त को आवेदन दिया. बताया कि उनके आवास की स्थिति काफी जर्जर है और रहने में परेशानी हो रही है.
जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान
गुमला प्रखंड के अम्बोआ गांव के ग्रामीणों ने सेमर मोड़ से केतारी नदी तक जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग उठाई. ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए समस्या और गंभीर हो जाती है.
चयन के बाद भी नहीं मिला नियुक्ति पत्र
सिसई प्रखंड की मनिता तिर्की ने आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयन होने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने का मामला उपायुक्त के समक्ष रखा. उन्होंने बताया कि ग्राम सभा के माध्यम से उनका चयन किया गया है, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं मिलने के कारण वह अपने पद पर योगदान नहीं दे पा रही हैं. उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और शिकायतों के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

