Ranchi News : जिले में प्रस्तावित और निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं व भवन निर्माण कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. शनिवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में सभी बीडीओ और सीओ ने हिस्सा लिया.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, सरकारी योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित मामलों में पारदर्शिता के साथ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि महत्वपूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की बाधा न आए.
उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी बीडीओ और सीओ को अपने-अपने प्रखंड व अंचल कार्यालयों में नियमित रूप से बैठकर आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जन-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करने के लिए प्रखंड और अंचल स्तर पर अधिकारियों का आम लोगों से सीधा संवाद जरूरी है. जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है. भूमि संबंधी मामलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

