Hazaribagh News: डीसी हेमंत सती ने गुरुवार को सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की. इसको लेकर उन्होंने आरसीडी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित सड़क निर्माण कार्य में लगे संवेदकों के साथ बैठक की.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बरही-चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों लग रहे लंबे जाम एवं इसके कारण यात्रियों को हो रही परेशानियों पर डीसी ने नाराजगी जताई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले 24 घंटे के अंदर सड़क मरम्मत कार्य में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करते हुए जाम की स्थिति से लोगों को निजात दिलाई जाए.
डीसी ने कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
वहीं, आरसीडी द्वारा शहर के आनंदा चौक, बस स्टैंड, मिशन अस्पताल रोड सहित अन्य प्रमुख सड़क मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा. इसके लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैमेज ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत एल एंड टी के संबंधित संवेदकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि किसी भी एजेंसी अथवा संवेदक द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाए जाने के बाद उसकी समुचित मरम्मत कराना अनिवार्य है. इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

