Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रांची में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत, जागरूकता रैली निकाल लोगों को किया जागरूक

Ranchi : मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार को रांची में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला, संध्या फेरी और माइकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम सिविल सर्जन कार्यालय के निर्देश पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित किया गया.

 

कार्यक्रम में एएनएमटीसी रांची की करीब 50 छात्राओं समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया. जागरूकता रैली सदर अस्पताल से शुरू होकर फिरायालाल चौक तक निकाली गई. इस दौरान लोगों को तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई. माइकिंग और नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने का संदेश भी दिया गया.

Uploaded Image

जागरूकता रैली निकाल मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर असर डालता है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की.

 

उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थ मुख्य रूप से प्राकृतिक, अर्ध-प्राकृतिक और कृत्रिम श्रेणियों में आते हैं. प्राकृतिक नशों में अफीम, गांजा, चरस और तंबाकू शामिल हैं. वहीं हेरोइन, मॉर्फिन और कोडीन अर्ध-प्राकृतिक नशीले पदार्थ हैं. फेंटानिल, मेथामफेटामाइन और स्पाइस जैसे सिंथेटिक ड्रग्स बेहद खतरनाक माने जाते हैं और कम मात्रा में भी जानलेवा साबित हो सकते हैं.

 

एनटीसीपी कंसल्टेंट सुशांत कुमार ने तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी. वहीं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने नशा मुक्ति अभियान में जनभागीदारी और जागरूकता कार्यक्रमों की भूमिका पर प्रकाश डाला.

 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, एएनएमटीसी की छात्राएं और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे. सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया. जिले में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत 10 जून से 24 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही