Ranchi: लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 छात्रों की मौत ने एक बार फिर से शिक्षा व्यवसाय पर सवाल खड़े किए हैं. इसे लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों और निजी शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा को अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की है.
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा मंत्री को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि लखनऊ की घटना ने शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की वास्तविक स्थिति को उजागर कर दिया है. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए जरुरी कदम उठाने की मांग की है.
ज्ञापन में सभी कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और निजी शिक्षण परिसरों के लिए फायर सेफ्टी एनओसी का वार्षिक नवीनीकरण अनिवार्य करने की मांग की. इसके साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म,स्प्रिंकलर सिस्टम, दो आपातकालीन निकास द्वार,नियमित फायर ड्रिल और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, भवनों की सुरक्षा जांच और क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने पर रोक लगाने की भी मांग की गई है. एसोसिएशन ने बिना अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और आवश्यक अनुमति के संचालित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई और निरीक्षण की व्यवस्था लागू करने की मांग की है.
अजय राय ने कहा कि राज्य के लाखों अभिभावकों की चिंता बढ़ने लगी है. इसे देखते हुए सरकार को प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को सुरक्षा संबंधी लापरवाही का खामियाजा न भुगतना पड़े. ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग), महानिदेशक अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभाग और राज्य के सभी उपायुक्तों को भी भेजी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment