Search

 
 
 

NDA विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला, सूर्या हांसदा एनकाउंटर की CBI जांच पर सदन में अड़ेगा विपक्ष

Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को एनडीए विधायक दल की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की. बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड विधानसभा के छोटे मॉनसून सत्र में एनडीए गठबंधन राज्य के ज्वलंत
 

Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को एनडीए विधायक दल की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की. बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि झारखंड विधानसभा के छोटे मॉनसून सत्र में एनडीए गठबंधन राज्य के ज्वलंत और बड़े मुद्दों को जोरशोर से उठाएगा. जिसमें राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस की बर्बरता ,ध्वस्त विधि गठबंधन के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल है.


सूर्या हांसदा का एनकाउंटर पूरी तरह से फर्जी


जायसवाल ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि सामाजिक सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़कर जनता की सेवा करने वाले राजनीतिक आदिवासी कार्यकर्ता सूर्या हांसदा का एनकाउंटर पूरी तरह से फर्जी है. 


परिवार के सदस्यों और क्षेत्र की आम जनता की स्पष्ट राय है कि सूर्या हांसदा की साजिशन हत्या हुई है. इसलिए पार्टी इस घटना की सीबीआई जांच कराने के मांग पर अडिग है, जिसे सदन में उठाया जाएगा. लोकतंत्र की बात करने वाले झामुमो,कांग्रेस राजद गठबंधन की राज्य सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों,तरीकों की हत्या कर रही है.


प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पूरी तरह से ध्वस्त


राज्य की प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है. विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और अब राज्य सरकार विश्वविद्यालय संशोधन बिल के माध्यम से यूनिवर्सिटी शिक्षा को भी बर्बाद करना चाहती है. राज्य सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए महामहिम राज्यपाल के अधिकारों को समाप्त करने पर जुटी है. कुलपतियों की नियुक्ति अपने अधिकार में लेना चाहती है.


वाजपेयी जी का अपमान झारखंड की जनता बर्दाश्त नहीं कर सकती


उन्होंने कहा कि राज्य निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान झारखंड की जनता बर्दाश्त नहीं कर सकती. जिस प्रकार अटल क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लीनिक किया गया है, इसका सदन में भाजपा और सहयोगी दल विरोध करेंगे. 
सरकार चाहे तो मदर टेरेसा के नाम पर कोई और योजना शुरू करे, लेकिन अटल क्लीनिक का नाम बदलना पूरी तरह झारखंड निर्माता श्रद्धेय अटल जी का, झारखंड का अपमान है.

 

राज्य में भदई फसलें पूरी तरह बर्बाद 


आज अतिवृष्टि से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. राज्य में भदई फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है. साथ ही आज बड़े पैमाने पर राज्य में यूरिया खाद की कालाबाजारी हो रही है. किसानों को महंगे दाम पर यूरिया खरीदने के लिए विवश होना पड़ रहा. एनडीए गठबंधन के विधायक इस विषय को लेकर राज्य सरकार को घेरेंगे.


पूर्व विधायकों के सुरक्षा का मुदा भी


राज्य में विपक्ष के पूर्व विधायकों के सुरक्षा का मुदा भी गंभीर है. आज सत्ताधारी गठबंधन के प्रखंड स्तरीय नेताओं को बड़ी संख्या में बॉडीगार्ड उपलब्ध कराया जा रहा, जबकि एनडीए के पूर्व विधायक का गार्ड हटाया जा रहा.

 
युवाओं की बेरोजगारी समस्याएं, परीक्षाओं की धांधली जैसे विषय भी एनडीए विधायक उठाएंगे. आजसू विधायक निर्मल महतो ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो को जान से मारने की मिल रही धमकी को भी गंभीर बताया और सदन में उठाने की बात कही. लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने भी गंभीर मुद्दों को सदन में मिलकर उठाने की बात कही.

 

बैठक में ये रहे मौजूद


बैठक में जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान सहित भाजपा विधायक सीपी सिंह,मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल,सचेतक,राज सिन्हा,नागेंद्र महतो,सत्येंद्र तिवारी,आलोक चौरसिया,शशिभूषण मेहता,मनोज यादव,देवेंद्र कुंवर,प्रदीप प्रसाद,रोशनलाल चौधरी,पूर्णिमा दास साहू,मंजू कुमारी, उज्जवल दास शामिल हुए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही