Ranchi News : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) आज आयोजित होने जा रही है. पांच दिन के विशेष आम सभा पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, जिसमें दो आजीवन सदस्यों को दुर्व्यवहार के आरोपों के कारण बाहर निकालने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है. इसके साथ ही संघ से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वित्तीय मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा होनी है.
निष्कासन की कगार पर खड़े सदस्यों में एसए रहमान और एसबी सिंह का नाम प्रमुख रूप से शामिल है. एसए रहमान को धनबाद क्रिकेट संघ ने पहले ही मिसकंडक्ट के आरोप में हटा दिया है और जेएससीए नियमों के अनुसार जिला संघ से निकाला गया सदस्य स्वतः राज्य संघ से भी बर्खास्त हो जाता है. कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने एसबी सिंह को भी दोषी माना है. इन निष्कासनों पर चर्चा के अलावा आज की बैठक में कई अन्य नियुक्तियों को भी आधिकारिक स्वीकृति दी जाएगी.
इस अहम बैठक से ठीक पहले एसबी सिंह ने रांची एसएसपी को ईमेल के जरिए शिकायत भेजकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान टिकट वितरण में भारी वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी जांच की मांग की है. इस शिकायत की प्रतिलिपि राज्य के डीजीपी को भी भेजी गई है, जिससे ऐसा माना जा रहा है कि क्रिकेट संघ के भीतर चल रहा यह आंतरिक विवाद आने वाले दिनों में और अधिक गहरा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

