Search

देहरादून गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड: 6 आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित

Ranchi: देहरादून के चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है. मामले में शामिल तीन शूटर समेत कुल 6 आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली डालनवाला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस ने इनामी अपराधियों के फोटो और विवरण के साथ मोस्ट वांटेड पोस्टर भी जारी किया है.

 

घटना के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिसके चलते इनाम राशि बढ़ाई गई है. इससे पहले इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर सिटी कंट्रोल रूम के नंबर 9411112972 पर सूचित करें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

 

बताया जाता है कि वारदात के दिन विक्रम शर्मा सुबह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए तीन शूटरों ने सीढ़ियों के पास उनके सिर पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.

 

झारखंड में रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की साजिश करीब छह महीने पहले जमशेदपुर जेल के अंदर रची गई थी. शूटरों को देहरादून में ठहरने, लोकेशन तय करने, वाहन और अन्य लॉजिस्टिक सहायता स्थानीय नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराई गई थी.

 

मामले में शूटरों की मदद करने वाले दो आरोपी—अक्षय ठाकुर और राजकुमार, दोनों निवासी जमशेदपुर—को उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

 

पुलिस की कार्रवाई जारी

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड समेत संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है.

 

उन्होंने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो इन पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये तक की जा सकती है, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp