Search

 
 
 

बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अतिरिक्त उड़ानों की मांग, इरफान अंसारी ने लिखा पत्र

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने देवघर एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं बंद किए जाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर इस फैसले को वापस लेने की मांग की है.अपने पत्र में इरफान अंसारी ने कहा है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में गिना जाता है.
 

Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने देवघर एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं बंद किए जाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर इस फैसले को वापस लेने की मांग की है.

 

अपने पत्र में इरफान अंसारी ने कहा है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. हर साल यहां करोड़ों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. श्रावण मास के दौरान तो श्रद्धालुओं की संख्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है. ऐसे में उड़ान सेवाओं में कमी या उन्हें पूरी तरह बंद किया जाना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में लिखा है कि यात्रा महंगी हो जाएगी और लोगों का समय भी ज्यादा खर्च होगा. उनका कहना है कि सरकार से उम्मीद की जा रही थी कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर से अतिरिक्त उड़ानें शुरू की जाएंगी, लेकिन इसके बजाय मौजूदा सेवाओं को बंद करने की चर्चा चल रही है, जो ठीक नहीं है.

 

इरफान अंसारी ने केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ प्रधानमंत्री से भी इस मामले में सीधे हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि देवघर की सभी उड़ानें पहले की तरह चलती रहें और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई उड़ानें भी जोड़ी जाएं. पत्र में मंत्री ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो श्रद्धालुओं के हित में आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार श्रद्धालुओं की भावनाओं को समझते हुए सही फैसला लेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही