Ranchi : रामगढ़ जिले के मांडू थाना में दर्ज एक मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच की मांग को लेकर झारखंड हाइकोर्ट में रिट याचिका दायर की गयी है. मोनिका इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सुरेश यादव को ओर से दायर याचिका में मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी विशेषकर सीबीआई से कराने का आग्रह किया गया है.
याचिका में कहा गया है कि मांडू थाना में 13 फरवरी 2026 को कांड संख्या 32/2026 दर्ज की गयी थी. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2), 318(4) और 60(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. याचिकाकर्ता का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गयी और जांच निष्पक्ष एवं प्रभावी तरीके से नहीं हो रही है.
इसे भी पढ़ें
याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट से मांग की है कि मामले की जांच राज्य पुलिस से हटाकर किसी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच एजेंसी को सौंपी जाये. इसके लिए सीबीआई या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने का निर्देश देने का आग्रह किया गया है. यह भी आग्रह किया गया है कि मांडू थाना में दर्ज इस कांड से संबंधित जांच रिकॉर्ड, पेपर बुक और केस डायरी को हाइकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश जांच अधिकारी (आईओ) को दिया जाये.
साथ ही जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाये, उसके खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की गयी है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हो रही है. इसी आधार पर याचिकाकर्ता ने हाइकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की है.

