Dhanbad News : झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में शुक्रवार को जितिया पर्व के स्नान के दौरान सोनाक्षी कुमारी (16 वर्षीय) तेज धार में बहकर डूब गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लड़की की तलाश शुरू कर दी.
बताया जाता है कि सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी. शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी. परिवार के लोग नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान सोनाक्षी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की बह गई.
सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए. इस दौरान तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे. हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सोनाक्षी के मामा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बहकर लापता हो गई.
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने सुदामडीह थाना को दी. जानकारी मिलते ही सुदामदीह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और लड़की की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी है. फिलहाल नदी में लड़की की खोजबीन जारी है.

घटनास्थल पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि
मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने कहा कि दामोदर नदी में हर वर्ष स्नान के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती है. इसके बावजूद खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते. उन्होंने कहा कि डेंजर जोन में बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए.
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि घटना की जानकारी सांसद को देकर लड़की की तलाश के लिए गोताखोरों की व्यवस्था कराने की मांग की गई है. साथ ही प्रशासन से दामोदर नदी के संवेदनशील घाटों पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की भी मांग की जाएगी.

