- कीर्ति शर्मा ने हजारीबाग साई एसटीसी से लिया है प्रशिक्षण
- कोच उद्धम सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभा को निखारा
Hazaribagh : हजारीबाग साई सेंटर की प्रतिभाशाली तीरंदाज कीर्ति शर्मा ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर ना सिर्फ भारत, बल्कि झारखंड और हजारीबाग को भी गौरवान्वित किया है. कीर्ति शर्मा ने भारतीय महिला रिकर्व टीम का हिस्सा बनकर अंकिता भकत और कुमकुम मोहोड़ के साथ शानदार प्रदर्शन किया और टीम को गोल्ड मेडल जीताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मजबूत दक्षिण कोरियाई टीम को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारतीय महिला रिकर्व टीम ने एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया. (खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
रोमांचक मुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत
दक्षिण कोरिया के खिलाफ फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. शुरुआती दो सेट में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. पहला सेट 54-54 और दूसरा सेट 56-56 की बराबरी पर समाप्त हुआ. तीसरे सेट में भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 अंक हासिल किए. जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 52 अंक ही बना सकी.
इसके साथ भारत ने मुकाबले में 4-2 की बढ़त बना ली. चौथे और निर्णायक सेट में भारतीय टीम ने दबाव के बीच शानदार संयम का परिचय दिया. सेट बराबरी पर समाप्त होने के बावजूद भारत ने कुल स्कोर के आधार पर मुकाबला 5-3 से अपने नाम कर लिया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया.
इसे भी पढ़ें
2022 में SAI STC से शुरू हुआ कीर्ति का सफर
कीर्ति शर्मा की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की कहानी है. वर्ष 2022 में कीर्ति शर्मा का चयन SAI Centre Hazaribagh में हुआ था. यहीं से उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर के सफर को नई दिशा मिली.
उन्होंने कोच उद्धम सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत शुरू की. कठिन अभ्यास, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के दम पर कीर्ति ने राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़ते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई.
हजारीबाग के लिए गर्व का पल
कीर्ति शर्मा की उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार और SAI STC Hazaribagh के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हजारीबाग के लिए गर्व का पल है. एक स्थानीय प्रशिक्षण केंद्र से अपने खेल का सफर शुरू करने वाली कीर्ति ने एशिया के सबसे बड़े खेल मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित किया है कि प्रतिभा को सही प्रशिक्षण, अनुशासन और अवसर मिले तो वह किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकती है.
कीर्ति की इस उपलब्धि से हजारीबाग समेत पूरे झारखंड के युवा खिलाड़ियों में भी नई उम्मीद और उत्साह पैदा हुआ है. कीर्ति शर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि पर SAI STC परिवार ने उन्हें, उनके कोच उद्धम सिंह और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है. संस्थान की ओर से कीर्ति के उज्ज्वल भविष्य और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी गई हैं.

