Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सत्यापन प्रक्रिया में अनमैप्ड (Unmapped) और एएसडी (ASD) मतदाताओं की सूची सार्वजनिक करने की मांग को लेकर बुधवार को विभिन्न जनसंगठनों ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजा. इस मौके पर संगठनों ने कहा कि इससे प्रभावित मतदाता समय रहते अपने दस्तावेज व्यवस्थित कर सकेंगे और सूची में संभावित त्रुटियों का सत्यापन भी हो सकेगा.
झारखंड जनाधिकार महासभा, यूनाइटेड मिली फोरम, साझा कदम, एपीसीआर, भारत जोड़ो अभियान और लोकतांत्रिक राष्ट्र निर्माण अभियान ने ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए पत्र में कहा कि राज्य में करीब 47 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है और 30 जून से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
संगठन के लोगों ने कहा कि आवश्यक दस्तावेज बनवाने और उन्हें व्यवस्थित करने में काफी समय लगता है. ऐसे में यदि 47 लाख अनमैप्ड मतदाताओं की सूची अभी सार्वजनिक कर दी जाए तो संबंधित लोग समय रहते अपनी मैपिंग सुनिश्चित कर सकेंगे और जरूरी दस्तावेज तैयार कर सकेंगे. इसके साथ ही ड्राफ्ट एएसडी सूची का भी आम लोग सत्यापन कर सकेंगे.
इनकी प्रमुख मांगें
-47 लाख अनमैप्ड मतदाताओं और एएसडी मतदाताओं की सूची तत्काल वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाए.
-सभी ड्राफ्ट सूचियों को ग्राम सभा और वार्ड सभा में पढ़ा जाए,
- अनमैप्ड और एएसडी सूची भी सत्यापन के लिए ग्राम सभाओं में उपलब्ध कराई जाए.
-ग्राम सभा और वार्ड सभा का आयोजन किया जाए.
-एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी आम लोगों को दी जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment