Ranchi : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री आवास को कांके रोड से हटाकर मंत्री-विधायक आवासीय परिसर में शिफ्ट करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कांके रोड राजधानी के प्रमुख व्यापारिक और व्यस्त इलाकों में शामिल है. ऐसे में मुख्यमंत्री आवास यहां होने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
बाबूलाल से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
मंत्री-विधायक आवासीय परिसर में शिफ्ट करने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रांची में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मंत्रियों और विधायकों के लिए बड़ी राशि खर्च कर नई आवासीय कॉलोनी बनाई गई है. ऐसे में मुख्यमंत्री आवास को भी इसी परिसर में शिफ्ट किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कारण कांके रोड पर अक्सर बैरिकेडिंग और यातायात में बदलाव किया जाता है. इसका सीधा असर व्यापारियों, स्कूली बच्चों और आम लोगों पर पड़ता है.
जनता की परेशानी का किया जिक्र
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है. लेकिन इसके नाम पर आम लोगों को रोजाना परेशानी में डालना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि वीवीआईपी सुरक्षा के कारण कांके रोड पर लोगों को कई बार ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है, जैसे उन्हें अपने ही रास्ते पर रोक दिया गया हो.
मुख्यमंत्री से जगह बदलने की अपील
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि जब मंत्री और विधायकों के लिए अलग आवासीय परिसर तैयार किया गया है तो मुख्यमंत्री आवास को भी वहां क्यों नहीं ले जाया जाता. कहा कि इससे कांके रोड के व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी. बाबूलाल ने कहा कि सरकार को सत्ता की सुविधा से ज्यादा जनता की सुविधा के बारे में सोचना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

