Deoghar News : देवघर पुलिस ने नशा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से करीब 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,400 रुपये नकद बरामद किए गए.
इसे भी पढ़ें
पुलिस को गुरुवार की शाम सूचना मिली थी कि हिंडोलावरण और सिमरजोर इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए SIT का गठन किया गया. टीम ने हिंडोलावरण से तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे तीनपहाड़ा के पास नव निर्मित अस्पताल के समीप छापेमारी की. इसमें पांच लोग गिरफ्तार किये गए.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल कुमार, भीम राय, जीतेंद्र कुमार, लखन मरांडी और राहुल कुमार के रूप में हुई है. सभी मोहनपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार प्रफुल कुमार व लखन मरांडी का अपराधिक इतिहास रहा है. उनके खिलाफ नशा तस्करी के मामले पहले से भी दर्ज हैं. वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध व अन्य अपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

