Search

 
 
 

Deoghar News: बकरीद पर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था के लिए कड़े इंतजाम

देवघर जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की.
 
  • सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त सजा

Deoghar: देवघर जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों की समीक्षा करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

 

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा. साइबर सेल और पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. भ्रामक खबरें फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था

उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थलों और मस्जिदों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्देश भी दिया गया है. अनुमंडल पदाधिकारी देवघर और मधुपुर को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है.


बैठक में साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए. नगर क्षेत्र में बकरीद के दिन विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है. पेयजल विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया गया.

 

प्रेम व भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक के अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से बकरीद का पर्व पारंपरिक गरिमा, आपसी प्रेम और शांति के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या कंट्रोल रूम को देने को कहा. 


बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर एवं मधुपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही