Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

टाटा-खड़गपुर रेल मार्ग पर जल्द मिलेगी राहत, सितंबर तक पूरी होगी थर्ड लाइन परियोजना

टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी और बढ़ते रेल दबाव से यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस महत्वपूर्ण रेल रूट पर कई बड़ी योजनाओं पर तेजी से काम शुरू कर दिया है.
Advertisement
Advertisement

Jamshedpur : टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी और बढ़ते रेल दबाव से यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस महत्वपूर्ण रेल रूट पर कई बड़ी योजनाओं पर तेजी से काम शुरू कर दिया है. 

 

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सालगाझुड़ी से आदित्यपुर के बीच बन रही थर्ड लाइन परियोजना सितंबर-अक्टूबर तक पूरी होने की संभावना है. इसके पूरा होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन पहले की तुलना में काफी बेहतर और सुचारु हो जाएगा.

 

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभी मेन लाइन और लूप लाइन की कमी के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. खासकर चांडिल से कांन्ड्रा सेक्शन में ट्रेनों के देर से चलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं. हालांकि रेलवे का दावा है कि अब स्थिति में सुधार हुआ है और अधिकतर ट्रेनें 20 मिनट से ज्यादा विलंबित नहीं हो रही हैं.

 

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि टाटानगर स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के साथ-साथ मालगाड़ियों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र आयरन ओर आधारित औद्योगिक क्षेत्र है, जहां Tata Steel, SAIL और रुंगटा जैसी कई कंपनियों की मालगाड़ियां इसी रेल मार्ग से संचालित होती हैं.

 

उन्होंने साफ कहा कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने की बात गलत है. रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि समय पर चल रही यात्री ट्रेनों का संचालन किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए.

 

टाटा और हाता के बीच बनेगा सैटेलाइट सेंटर

रेलवे ने टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए टाटा और हाता के बीच एक सैटेलाइट सेंटर विकसित करने की योजना भी बनाई है. यहां उन ट्रेनों को रखा जाएगा जो टाटानगर स्टेशन पहुंचने के बाद लंबे समय तक खड़ी रहती हैं. इससे मुख्य स्टेशन पर ट्रैफिक कम होगा और ट्रेनों का परिचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा.

 

इसके अलावा आसनबनी, टाटानगर, गोविंदपुर, आदित्यपुर, राजखरसावां, मानीकुई, टुनिया, लोटा पहाड़ और बहलदा स्टेशनों पर जरूरत के अनुसार नई लूप लाइनें विकसित करने की तैयारी भी चल रही है.

 

घाटशिला स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. साथ ही घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस, मुंबई मेल और लालमाटी एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है. मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों का स्टॉपेज शुरू किया जाएगा.

 

चाकुलिया-बड़ामाड़ा रेललाइन में वन क्षेत्र बना बाधा

रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि चाकुलिया-बड़ामाड़ा रेललाइन परियोजना में बड़ी मात्रा में वन भूमि शामिल है. फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने में देरी होने से परियोजना की रफ्तार प्रभावित हुई है. रेलवे का कहना है कि अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा.

 

खड़गपुर से घाटशिला तक किया निरीक्षण

इससे पहले महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने खड़गपुर से घाटशिला तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, परिचालन व्यवस्था और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. घाटशिला स्टेशन पहुंचकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा भी लिया.

 

सांसद के साथ हुई समीक्षा बैठक

जमशेदपुर दौरे के दौरान रेलवे महाप्रबंधक ने सांसद विद्युत वरण महतो के साथ समन्वय बैठक भी की. बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसमें क्षेत्र की रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही