Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के नाम पर यात्रियों की जेब पर डाका डाला जा रहा है. स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए रेलवे ने शुल्क निर्धारित कर रखा है. आरोप है कि पार्किंग का ठेका लेने वाली निजी कंपनी नंदन इंटरप्राइजेज के कर्मी यात्रियों से मनमाने तरीके से पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें
रेलवे ने स्टेशन परिसर में चार पहिया वाहनों के लिए छह घंटे तक 10 रुपये, 12 घंटे तक 20 रुपये और 24 घंटे तक 40 रुपये शुल्क तय किया है. इसके बावजूद वाहन चालकों से 40 रुपये की जगह 80 रुपये तक वसूले जा रहे हैं. वहीं, कुछ वाहन चालकों से 20 रुपये और स्टेशन परिसर में प्रवेश कर तुरंत वापस लौटने वालों से भी पैसे लेने की शिकायत सामने आई है. आरोप है कि कुछ मिनट के लिए वाहन चालकों से 100 से 200 रुपये तक शुल्क की मांग की जाती है.
अब सवाल यह है कि आखिर किसके आदेश पर वसूली हो रही है? जब रेलवे ने पार्किंग की दरें निर्धारित कर रखी हैं, तो संवेदक को अपनी मर्जी से शुल्क बढ़ाने का अधिकार किसने दिया? यदि निर्धारित दरों से अधिक वसूली हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

