Deoghar News: देवघर प्रखंड में हवाई अड्डे के किनारे बनी सड़क की बदहाल तस्वीर ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. सड़क टूटने के कारण आसपास के करीब 20 से 25 गांवों के लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस मार्ग के धंसने से ग्रामीणों में नाराजगी है.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है. जगह-जगह सड़क टूटने से वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है. वहीं, पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क खराब होने के कारण कई ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और दूरी दोनों बढ़ रहे हैं.
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों को हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल सड़क का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है. अब सवाल यह है कि आखिर कब तक इस महत्वपूर्ण सड़क की बदहाली दूर होगी और ग्रामीणों को राहत मिलेगी?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

