Search

 
 
 

Deoghar News: DC ने की कॉलेज छात्रों व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया पर चर्चा

देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज सूचना भवन सभागार में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के उद्देश्य से कॉलेज छात्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया.
 
  • प्रतिभागियों ने पोर्टल पर दर्ज किया डेटा

Deoghar: देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज सूचना भवन सभागार में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के उद्देश्य से कॉलेज छात्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया.

 

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेष कुमार प्रियदर्शी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की रूपरेखा तय करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है. उन्होंने कहा कि यह केवल जनसंख्या का आंकड़ा नहीं बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी सभी विकास योजनाओं की नींव है.

 

उन्होंने युवाओं और समाजसेवी संस्थाओं से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में जागरूकता दूत के रूप में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि सटीक और पूर्ण डेटा संकलित किया जा सके.

 

उन्होंने आगे बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल और कागज रहित बनाया गया है. जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के जातिगत विवरण या व्यक्तिगत दस्तावेज की मांग नहीं की जा रही है, यह प्रक्रिया केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए है. उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल का अधिकतम उपयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान को सफल बनाएं.

 

उन्होंने जानकारी दी कि स्व-गणना की सुविधा एक मई से 15 मई तक उपलब्ध रहेगी, जिसमें नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद उन्हें एक विशिष्ट पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसका उपयोग प्रगणक द्वारा सत्यापन के समय किया जाएगा.

 

प्रतिभागियों ने पोर्टल पर किया स्व-गणना का अभ्यास

कार्यशाला के दौरान विभिन्न कॉलेजों के छात्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने उपायुक्त की उपस्थिति में स्व-गणना प्रक्रिया को पोर्टल पर सफलतापूर्वक पूरा किया.

 

प्रतिभागियों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर प्रक्रिया की बारीकियों को समझा और डिजिटल जनगणना की उपयोगिता का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया. यह अभ्यास भविष्य की जनगणना व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

 

डीसी ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस अभियान में जागरूकता दूत की भूमिका निभाएं और समाज में सही जानकारी के साथ स्व-गणना के प्रति जागरूकता फैलाएं, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही