Search

 
 
 

Deoghar News: श्रावणी मेले की तैयारियों का DC ने लिया जायजा, समय पर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र और कांवरिया रूटलाइन का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
 
देवघर जिले की खबरें

Deoghar: देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र और कांवरिया रूटलाइन का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए.

Uploaded Image
निरीक्षण के दौरान आइएसबीटी, कोठिया टेंट सिटी निर्माण स्थल, सरसा, भलुवा, परित्राण, दुम्मा बॉर्डर और कांवरिया पथ का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और जहां आवश्यक था, वहां कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. कोठिया में बनने वाली टेंट सिटी का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया. 

इसे भी पढ़ें:


उन्होंने टेंट सिटी में स्वच्छता, पर्याप्त वेंटिलेशन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और विद्युत ऑडिट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही शौचालयों की उचित दूरी, सुरक्षित बिजली आपूर्ति और विद्युत तारों की निगरानी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा. 


मेला के दौरान वाहनों की सुचारु व्यवस्था के लिए कोठिया, परित्राण, सरसा और भलुवा में व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश दिए गए. पार्किंग स्थलों पर बैरिकेडिंग, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य शिविर, साउंड सिस्टम, साफ-सफाई और सूचना संबंधी बैनर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.


दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया तक कांवरिया पथ का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने पूरे मार्ग पर महीन बालू बिछाने, बिजली के तारों को ऊंचा और सुरक्षित करने, चापाकलों के आसपास सफाई कराने तथा अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी कार्य उसी अनुरूप पूरे किए जाएं. 


निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक शिविर, ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना सह सहायता केंद्र, होल्डिंग प्वाइंट, शौचालय, स्नानगृह, इंद्र वर्षा व्यवस्था और पर्यटन केंद्र से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई. कांवरिया पथ और गांवों के बाहर के रास्तों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सभी सुविधाएं समय पर तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए. 


पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में कहीं भी पानी की कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, नलों से निकलने वाले पानी का उचित निकास और पूरे मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए. आध्यात्मिक भवन का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया. वहीं, मेला क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुरक्षित विद्युत नेटवर्क और समय पर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए. 


निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही