Deoghar : देवघर श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं व आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा (फूड सेफ्टी) विभाग का जांच अभियान लगातार जारी है. डीसी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को घोरमारा व आईएसबीटी बाघमारा क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया. घोरमारा में करीब 25 पेड़ा दुकानों की जांच की गई. टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया.
फूड सेफ्टी की टीम ने मां गंगा पेड़ा भंडार, ललित पेड़ा भंडार, प्रियंका पेड़ा भंडार, सुधा पेड़ा भंडार, गुड्डू पेड़ा भंडार और ओम पेड़ा भंडार समेत कई दुकानों का निरीक्षण किया. विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच से बचने के लिए दुकान बंद करने पर संबंधित दुकान को सील कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जांच में अधिकतर पेड़ा दुकानों में एफएसएसएआई का खाद्य लाइसेंस सही पाया गया. जिन दुकानों में लाइसेंस या पंजीकरण नहीं मिला, उन्हें जल्द से जल्द इसे प्राप्त करने का निर्देश दिया गया. टीम ने घोरमारा में सुखाड़ी मंडल व श्री गोवर्धन की दुकान से पेड़ा के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है. सुखाड़ी गार्डन व रूबी रेस्टोरेंट में पनीर व मसालों की जांच की गई.
आईएसबीटी बाघमारा बस स्टैंड क्षेत्र में करीब 18 होटलों की जांच की गई. टीम ने होटल राज प्रियांश, अनुराग होटल, गणपति भोजनालय एंड मिष्ठान और होटल स्वास्तिक एंड फैमिली रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों में सॉस, अचार, मसाले, पापड़ और खाद्य तेल की जांच की. हल्दी में मिलावट की पुष्टि हुई. दो अलग-अलग दुकानों से तीन किलो मिलावटी हल्दी को नष्ट कराया गया. होटल राज प्रियांश और अनुराग होटल में अनियमितता पाए जाने पर जरूरी निर्देश दिए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment