Deoghar News: जिला परिषद की ओर लोगों की सुविधा के लिए बनवाए गए पार्किंग स्थल पर कथित तौर पर अनधिकृत रूप से दुकान निर्माण कर फर्नीचर मॉल संचालित किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दुकान संचालक ने अपनी दबंगई के बल पर पूरे भवन को ही गोदाम में तब्दील कर दिया है.
इसे भी पढ़ें:
हालात ऐसे हैं कि पार्किंग की जगह पर कब्जे और गोदाम के इस्तेमाल से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आरोप है कि सामान से रास्ते और आसपास की जगह घिर जाने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस जगह का निर्माण पार्किंग के लिए किया गया था, वहां आखिर दुकान और गोदाम कैसे संचालित हो रहा है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही?
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती परेशानी के कारण अब कई दुकानदार दुकान छोड़ने तक को मजबूर हो रहे हैं. लोगों ने जिला प्रशासन और जिला परिषद से मामले की जांच कर अनधिकृत निर्माण और कथित कब्जे पर कार्रवाई की मांग की है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कब तक संज्ञान लेता है और पार्किंग की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

