- 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा मेला
- वीआईपी व आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद
- शिवलोक परिसर में प्रदर्शनी और ड्रोन शो रहेगा आकर्षण
Deoghar : देवघर राजकीय श्रावणी मेले का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ. राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू व ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड की सीमा पर स्थित दुम्मा कांवरिया पथ से मेले का उद्घाटन किया. इससे पहले 11 पुरोहितों ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर मेले की मंगलकामना की.
उद्घाटन समारोह में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेले में आने वाले प्रत्येक कांवरिया की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व सुगम जलार्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.
उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहली बार भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा के लिए एआई आधारित प्रणाली लागू की गई है. साथ ही क्यूआर कोड आधारित डिजिटल शिकायत निवारण व्यवस्था भी शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालु किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे. सरकार का लक्ष्य हर वर्ष मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित और जनहितैषी बनाना है.
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए देवघर तैयार : दीपिका पांडेय
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बाबा नगरी देवघर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से श्रावणी मेला ऐतिहासिक और सफल बनेगा. हर श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव लेकर घर लौटे, यही सरकार और प्रशासन का उद्देश्य है.
15 मिनट में शिकायत समाधान
डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा. इस बार एएनपीआर कैमरे, फेस रिकग्निशन सिस्टम और हेडकाउंट कैमरों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. श्रद्धालु समस्या होने पर क्यूआर कोड स्कैन कर फोटो के साथ शिकायत दर्ज कर सकेंगे. प्रशासन का लक्ष्य 15 मिनट के भीतर शिकायत का समाधान करना है.
डीसी ने बताया कि श्रद्धालुओं को नया अनुभव देने के लिए शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी और सांस्कृतिक मंच तैयार किया गया है. श्रावणी मेले के दौरान ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगा. श्रावणी मेला अवधि में वीआईपी, वीवीआईपी व आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी. सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू रहेगी.
समारोह में एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, एसडीओ रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment