- चैंबर के प्रतिनिधि एयरपोर्ट निदेशक से मिले, कनेक्टिविटी विस्तार पर चर्चा
Deoghar News : देवघर एयरपोर्ट को संथाल परगना का आर्थिक केंद्र बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है. संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इसकी पहल तेज कर दी है. चैंबर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट निदेशक राजेश और टर्मिनल मैनेजर सूर्या से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार, कार्गो सुविधा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की.
इसे भी पढ़ें
बैठक में चैंबर की ओर से देवघर एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल और माल ढुलाई की सुविधा शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई. प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इस सुविधा के शुरू होने से संथाल परगना के स्थानीय उत्पादों, कृषि सामग्री और औद्योगिक वस्तुओं को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
चेंबर ने हैदराबाद, जयपुर, सूरत, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद जैसे प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक शहरों के लिए देवघर से नई हवाई सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की. साथ ही अन्य प्रमुख एयरलाइंस को देवघर से उड़ान शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया. ताकि यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके.
एयरपोर्ट निदेशक राजेश ने चैंबर द्वारा उठाए गए मुद्दों को महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित प्राधिकरणों और एयरलाइंस के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रयास करने की बात कही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

