Deoghar News : देवघर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. साइबर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 18 सितंबर को डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई.
इसे भी पढ़ें
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र में फर्जी तरीके से FLIPKART, AMAZON, कस्टमर केयर और PM किसान योजना के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं. पुलिस की टीम ने बताए स्थान पर छापेमारी कर 10 युवकों को दबोच लिया. तलाशी में उनके पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में महेश राणा, गौतम राणा, पाण्डव महतो, शुभम यादव, उत्तम राणा, लालमोहन राणा, कैलाश दास, कुन्दन कुमार दास, मनवर अंसारी व छलछली कुमार शामिल हैं. सभी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं.
पुलिस के मुताबिक तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल व IMEI नंबर से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं. गिरफ्तार उत्तम राणा, कैलाश दास व कुन्दन कुमार दास के खिलाफ देवघर साइबर थाने में पहलो से मामले दर्ज हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों समेत पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे. इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान से संबंधित APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश करते थे. फर्जी Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर भी लोगों से संपर्क करते थे. Airtel Payment Bank का खाता बंद होने या दोबारा चालू कराने के नाम पर उन्हें झांसे में लेकर ठगी करते थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

