Deoghar : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निगम की ओर से मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए दुकानों को हटाया गया.
नगर निगम की टीम ने नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा और सतीश कुमार दास के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अवैध दुकानों को हटाकर मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इस कार्रवाई में सफाई सह खाद निरीक्षक दीपक महतो, सुनील कुमार मेहता और प्रेम राज के साथ टाउन थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया.
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत नेहरू पार्क से हुई. इसके बाद टीम ने शिवगंगा गली, आरती घाट, लक्ष्मीपुर चौक समेत कई प्रमुख मेला क्षेत्रों में पहुंचकर कार्रवाई की. इस दौरान सड़क और पैदल रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया. अभियान में करीब 89 छोटे और बड़े दुकानों को हटाकर रास्तों को साफ कराया गया.
नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से नियमों के अनुसार जुर्माना भी वसूला. साथ ही सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अभियान के दौरान जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी कार्रवाई की गई. एक दुकान के सामने नाले में भवन निर्माण सामग्री डालकर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया था. इससे आसपास जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही थी. नगर निगम की टीम ने तुरंत दुकानदार को नाला साफ कराने का निर्देश दिया. निगम की निगरानी में दुकानदार ने नाले से निर्माण सामग्री हटाकर सफाई कराई, जिसके बाद जल निकासी व्यवस्था सामान्य हो सकी.
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में मेला मार्गों, पैदल पथों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना बेहद जरूरी है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम लगातार निगरानी कर रहा है.
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवैध कब्जा करने, रास्तों को बाधित करने या नालियों में कचरा और निर्माण सामग्री डालकर जल निकासी प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे.
निगम ने सभी दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थान और सीमा के अंदर ही अपनी दुकानें संचालित करें. श्रावणी मेला 2026 के दौरान अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित मेला क्षेत्र उपलब्ध कराया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment