Search

 
 
 

Deoghar News : नगर निगम को मिली नई नगर आयुक्त, सुलोचना मीणा संभालेंगी जिम्मेदारी

नगर निगम को नई नगर आयुक्त मिल गई हैं. राज्य सरकार ने 2022 बैच की झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी सुलोचना मीणा को नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया है.
 
  •  22 वर्ष की उम्र में यूपीएससी पास कर बनीं आईएएस, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बताया प्राथमिकता

Deoghar : नगर निगम को नई नगर आयुक्त मिल गई हैं. राज्य सरकार ने 2022 बैच की झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी सुलोचना मीणा को नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति से शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं में सुधार को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं.

 

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की निवासी सुलोचना मीणा ने वर्ष 2022 में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी. मात्र 22 वर्ष की आयु में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 415 वीं रैंक प्राप्त की थी. कम उम्र में इस उपलब्धि के कारण उन्हें देश की युवा महिला आईएएस अधिकारियों में शामिल किया जाता है.

 

नगर आयुक्त बनने से पहले सुलोचना मीणा पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर में अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थीं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दक्षता और जनहित से जुड़े कार्यों के जरिए अलग पहचान बनाई. अब उन्हें देवघर नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.

 

बातचीत में सुलोचना मीणा ने कहा कि देवघर बाबा बैद्यनाथ की नगरी है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. उन्होंने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, जलजमाव की समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था में सुधार, अतिक्रमण हटाना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. 

 

उन्होंने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला 2026 निकट है. ऐसे में टेंट सिटी, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी. इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. युवा और ऊर्जावान अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाली सुलोचना मीणा की नियुक्ति से देवघर के लोगों को शहर की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही