- बूथ डे पर 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
- उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Deoghar News: बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए देवघर जिले में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. इसकी सफलता को लेकर समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के पहले दिन यानी बूथ डे पर ही 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और नगर निगम आपसी समन्वय बनाकर काम करें.
उन्होंने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में संक्रमण के मामले सामने आने के कारण खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को समय पर प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक करने और अभियान की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. साथ ही अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

