Deoghar News : मधुपुर गांधी जयंती के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, मधुपुर की ओर से शुक्रवार को गांधी चौक पर स्वच्छता अभियान व वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हाथों में झाड़ू लेकर स्वच्छता का संदेश दिया. सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अरुण गुटगुटिया, नगर परिषद उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव व सचिव महेंद्र घोष समेत अन्य सदस्यों ने सोसाइटी कार्यालय से गांधी चौक तक सफाई अभियान चलाया.
इस दौरान सड़क किनारे साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया. इसके बाद गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए. उपस्थित लोगों ने गांधी जी के स्वच्छता, सेवा और मानवता के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित भी किया गया. आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को सीख लेने की जरूरत है. रेड क्रॉस सोसाइटी के इस आयोजन के माध्यम से एक ओर जहां स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया

