Deoghar News: देवघर में गणेश पूजा के दौरान आयोजित पार्टी में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग में चंदन यादव घायल हो गया था. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है. वहीं, इस पूरे मामले के तार बाबा गिरोह से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
देवघर नगर थाना क्षेत्र का मामला
पुलिस के मुताबिक, गणेश पूजा के अवसर पर 4 और 5 सितंबर 2026 की रात गांधी स्थित बम्पास टाउन के समीप गणेश पूजा पंडाल के पीछे पार्टी का आयोजन किया गया था. इस पार्टी में चंदन यादव समेत कई लोग मौजूद थे. इसी दौरान अंकित झा और उज्जवल झा के हाथ रखने को लेकर चंदन यादव के साथ विवाद हो गया.
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद अंकित झा की पिस्टल लेकर अभय गिरी ने चंदन यादव पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से चंदन यादव घायल हो गया. जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद चंदन यादव के आवेदन के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 389/2026 दर्ज किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के नामजद आरोपी उज्जवल कुमार झा और अभय गिरी को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
गोलीकांड का वीडियो बना सोशल मीडिया पर पोस्ट
पुलिस के मुताबिक, गोलीकांड का वीडियो बना सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जिसमें गिरफ्तार आरोपी उज्जवल कुमार झा ने गोलीकांड की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई. पुलिस ने इस पूरे मामले को बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्यों से जोड़ते हुए आदर्श झा, अंकित झा और अभय गिरी के नाम का उल्लेख किया है.
गिरफ्तार आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. जिसमें अभय गिरी के खिलाफ नगर और मोहनपुर थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं. वहीं, उज्जवल कुमार झा के खिलाफ भी नगर थाना और रिखिया थाना में हत्या से जुड़े मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है.
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. गणेश पूजा की पार्टी में शुरू हुआ मामूली विवाद आखिर गोलीकांड में कैसे बदल गया और इसके पीछे गिरोह की भूमिका कितनी गहरी है. इन तमाम सवालों की जांच पुलिस कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

