Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार की तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई. एसपी को सूचना मिली थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के कोरिया मैदान के पास कुछ अपराधी अवैध हथियार की खरीद के लिए जुटे हुए हैं. इसके बाद विशेष टीम गठित की गई.
इसे भी पढ़ें
टीम ने मैदान के पास पहुंचकर घेराबंदी की. इसी दौरान वहां से भाग रहे एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया गया. युवक की पहचान सूरज कुमार सिंह के रूप में की गई. वह जसीडीह के रोहिणी परमेश्वर चौक का रहने वाला है. तलाशी लेने पर उसकी गंजी के अंदर छुपाकर रखा थैला बरामद किया गया. थैले में एक कार्बाइन (मशीन गन) दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया.
यह जानकारी देवघर एसपी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि सूरज कुमार सिंह का अपराधी का इतिहास रहा है. वह देवीपुर थाना क्षेत्र में हुए लूट कांड और बांका में शराब तस्करी मामले में जेल जा चुका है. छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

