Deoghar : दुकानदारों और व्यवसायियों से रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में देवघर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में गौरव झा (26 वर्ष), निहाल मिश्रा (26 वर्ष) और विक्रम कुमार चौरसिया (25 वर्ष) शामिल है. इसकी जानकारी देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
इसे भी पढ़ें
एसपी के अनुसार, पुलिस को पिछले कुछ दिनों से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास शिवगंगा इलाके में अस्थायी दुकानदारों और व्यवसायियों से रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें मिल रही थी.
आरोपियों पर सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर ले जाने की कोशिश करने का भी आरोप है. मामले की शिकायत मिलने के बाद देवघर नगर थाना में चार केस दर्ज किए गए. आरोपियों को पकड़ने के लिए सदर एसडीओ के नेतृत्व में तीन टीमें बनाई गईं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई.
इसी क्रम में पुलिस को पता चला कि दो आरोपी जमशेदपुर के साकची इलाके में सरकारी क्वार्टर में छिपकर रह रहे हैं. सूचना के आधार पर देवघर पुलिस ने साकची पुलिस की मदद से छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शिवगंगा श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए. वहीं पुलिस की दूसरी टीम ने विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर छत्तीसी स्थित एक घर से सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार, गौरव झा और निहाल मिश्रा के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि कुंडा थाना के एक पुराने मामले में दोनों को आजीवन कारावास की सजा भी मिल चुकी है.
पुलिस ने इस पूरे मामले में रंगदारी, धमकी, हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग इस तरह की घटनाओं में शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

