Giridih News : नगर थाना क्षेत्र के चंदौरी रोड में रविवार को बाइक चोरी करने पहुंचे एक युवक को स्थानीय दुकानदारों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. भागने की कोशिश कर रहे युवक को दुकानदारों ने खदेड़ कर पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया.
बताया जाता है कि आरोपी कुछ दिन पहले भी इसी इलाके से एक दुकानदार सुनील पंडित की बाइक चोरी कर चुका था, उस घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी और इस संबंध में बीते 11 सितंबर को नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया था.
इसे भी पढ़ें
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार को आरोपी दोबारा चंदौरी रोड पर बाइक चोरी करने के लिए रेकी कर रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद पीड़ित दुकानदार की नजर उस पर पड़ गई. दुकानदारों ने आरोपी को पहचान लिया और शोर मचाते हुए उसका पीछा किया.
भागने की कोशिश कर रहे युवक को दुकानदारों ने 100 मीटर दूर खदेड़ कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद आरोपी को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया युवक के पास से बाइक की मास्टर चाभी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है.
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ बाइक चोरी की घटनाओं में और कौन-कौन लोग शामिल है और वह कितने बाइकों की चोरी कर चुका है.
स्थानीय दुकानदार सुनील पंडित के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पहले ही हो चुकी थी. दोबारा उसी इलाके में पहुंचने पर दुकानदारों ने उसे पहचान लिया, जिसके कारण वह इस बार चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

