Ranchi News: तमाड़ थाना क्षेत्र के कुंदला पंचायत स्थित लेकया गांव में माता-पिता की असामयिक मौत के बाद बेसहारा हुए दो बच्चों की मदद के लिए जिला प्रशासन आगे आया है. जिला प्रशासन ने दोनों बच्चों के परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई. इसके साथ ही दोनों बच्चो की शिक्षा और रहने की भी व्यवस्था की गई है.
योगेन्द्र मुंडा और उनकी पत्नी सावित्री देवी की मौत के बाद दोनों बच्चे कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे थे. मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने राहत दिलाई.परिवार को कंबल और राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई.
इसे भी पढ़ें -
गुरुकुल विद्यालय में कराया गया दाखिला
बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए दोनों का प्रखंड के ही गुरुकुल विद्यालय में दाखिला कराया गया है. विद्यालय में उन्हें निःशुल्क शिक्षा, ड्रेस और छात्रावास की सुविधा दी जाएगी. बच्चों की पढ़ाई और उनके रहने और देखभाल की भी व्यवस्था की गई.
Sponsorship योजना से भी जोड़ा जाएगा
प्रशासन ने दोनों बच्चों को बाल संरक्षण विभाग की Sponsorship योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इसके माध्यम से बच्चों को संरक्षण, सहयोग और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जायेंगे. इस मौके पर मामले में बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर लाल मरांडी और तमाड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सुविधाए सुनिश्चित की है. इस मौके पर जिला प्रशासन ने कहा कि माता-पिता को खो चुके बच्चों को अकेलेपन और अभाव का सामना न करना पड़े, इसके लिए उन्हें शिक्षा, पोषण, संरक्षण और सुरक्षित भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

