Search

 
 
 

देवेंद्र नाथ महतो के बदले तेवर! JLKM से दूरी, नई सियासी पहचान की तैयारी?

Ranchi News : देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के अलग-अलग जिलों में भर्ती परीक्षा सुधार यात्रा निकाल रहे हैं. इस यात्रा के जरिए वह प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार और युवाओं को रोजगार देने जैसे मुद्दे उठा रहे हैं.
 
देवेंद्र नाथ महतो
  • देवेंद्र महतो ने अपने प्रोफाइल से हटाया जेएलकेएम केंद्रीय उपाध्यक्ष का पदनाम

Ranchi News :  झारखंड की राजनीति में एक सोशल मीडिया अपडेट ने नई सियासी चर्चा को जन्म दे दिया है. मामला झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से जुड़े युवा नेता देवेंद्र नाथ महतो का है. भर्ती परीक्षा सुधार यात्रा के जरिए युवाओं और रोजगार के मुद्दे को लेकर लगातार सक्रिय देवेंद्र महतो ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष का पदनाम हटा दिया है. अब उनके बायो में स्टूडेंट लीडर और सोशल रिफॉर्मर जैसे शब्द नजर आ रहे हैं. हालांकि बायो में यह बदलाव बहुत छोटा है. लेकिन इसके राजनीतिक मायने बड़े निकाले जा रहे हैं.

 

Uploaded Image

देवेंद्र के प्रोफाइल का बायो चेंज

 

दरअसल, देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के अलग-अलग जिलों में भर्ती परीक्षा सुधार यात्रा निकाल रहे हैं. इस यात्रा के जरिए वह प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दे उठा रहे हैं. खास बात यह है कि इस पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने जेएलकेएम पार्टी के झंडे व बैनर को ज्यादा प्रमुखता नहीं दी. ऐसे में सोशल मीडिया में बायो से जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष का पद हटाये जाने को यूं ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.


सवाल उठ रहा है कि क्या देवेंद्र नाथ महतो अब खुद को जेएलकेएम की राजनीति से अलग एक व्यापक युवा आंदोलन के चेहरे के तौर पर स्थापित करना चाहते हैं? क्या वह आने वाले वक्त में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं? या फिर यह महज सोशल मीडिया प्रोफाइल में किया गया बदलाव है और पार्टी के भीतर उनकी भूमिका पहले की तरह ही जारी रहेगी? फिलहाल इन सवालों का कोई आधिकारिक और स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है.

 

Uploaded Image

7 घंटे पहले बदला गया है प्रोफाइल बायो 

इसे भी पढ़ें

 

देवेंद्र नाथ महतो की पहचान पिछले कई वर्षों से छात्र और युवा आंदोलनों से जुड़ी रही है. रोजगार, स्थानीय नीति और नियुक्ति व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रियता ने उन्हें झारखंड के युवाओं के बीच एक अलग पहचान दिलाई. खासकर जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन और अनशन के बाद उनकी सक्रियता राज्यभर में चर्चा का विषय बना रहा.

 

माना जा रही है कि इन्हीं वजहों से उन्होंने अपने प्रोफाइल में पार्टी के पद के बदले स्टूडेंट लीडर और सोशल रिफॉर्मर लिखा है. इसे महज तकनीकी बदलाव नहीं माना जा सकता. इसके राजनीतिक संकेत हैं. माना जा रहा है कि देवेंद्र महतो अपनी पहचान को किसी एक राजनीतिक संगठन तक सीमित रखने के बजाय युवाओं और सामाजिक मुद्दों से जुड़े व्यापक वर्ग तक पहुंचाना चाहते हैं. हालांकि इस बारे में उन्होंने अभी तक कुछ कहा नहीं है. 

 

देवेंद्र नाथ महतो और जेएलकेएम प्रमुख जयराम महतो की राजनीतिक पृष्ठभूमि लंबे समय से एक-दूसरे से जुड़ी रही है. दोनों ने युवाओं, रोजगार, स्थानीयता और झारखंड से जुड़े सवालों को लेकर सक्रिय राजनीति की है. जयराम महतो जहां जेएलकेएम के प्रमुख चेहरे और विधायक के तौर पर पार्टी की राजनीतिक पहचान को आगे बढ़ाते रहे हैं, वहीं देवेंद्र महतो की पहचान आंदोलन और छात्र-युवा राजनीति के जरिए मजबूत हुई है.

 

दोनों नेताओं के बीच रिश्तों को लेकर चर्चा पहले भी होती रही है, लेकिन सार्वजनिक तौर पर किसी बड़े टकराव की तस्वीर सामने नहीं आई है. बल्कि हाल ही में जयराम महतो ने देवेंद्र नाथ महतो को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिसने अलग सियासी रास्ते की संभावनाओं पर चल रही चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया. जयराम ने कहा था कि अगर देवेंद्र उनसे बड़े नेता बनते हैं तो उन्हें खुशी होगी और अगर वह अपनी अलग पार्टी भी बनाते हैं, तब भी वह खुश होंगे और उन्हें शुभकामनाएं देंगे.

 

इस बयान को लेकर भी अलग-अलग राजनीतिक नजरिया सामने आया था. कुछ लोगों ने इसे जयराम महतो की राजनीतिक परिपक्वता और देवेंद्र के प्रति भरोसे के तौर पर देखा, तो कुछ ने इसे भविष्य में संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर उनकी सहजता से जोड़कर देखा. तो कुछ लोग इसे दोनों के बीच राजनीति अलगाव के रूप में देख रहे थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही