Search

 
 
 

धनबादः रोजगार सृजन मेले में 143 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि रोजगार मेला युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है.
 

Dhanbad : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के रोजगार सृजन मिशन के तहत शनिवार को आयोजित 16वें रोजगार मेले का शुभारंभ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया. इस अवसर पर देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन हुआ. जिसमें कुल 51,000 युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए. इसी कड़ी में धनबाद के रेलवे ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में 143 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. धनबाद में आयोजित समारोह में केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए. उनके साथ धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, डीआरएम समेत रेलव के कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे. अतिथियों ने नव-नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं दीं.

धनबाद में चयनित युवाओं की नियुक्ति केंद्र सरकार के रेलवे, डाक विभाग, राजस्व विभाग, सुरक्षा व तकनीकी सेवाओं सहित अन्य प्रमुख विभागों में की गई है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि रोजगार मेला युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है. यह सिर्फ नियुक्ति पत्र नहीं, बल्कि नए आत्मविश्वास और नयी संभावनाओं का प्रमाण है. केंद्र सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है. यह पूरी योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन मिशन का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत लाखों युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में प्रत्यक्ष भर्ती के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही