Search

 
 
 

धनबाद 2.64 करोड़ कोल गबन केस : कारोबारी अजीत पटेल 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

Dhanbad News : कारोबारी पर भरोसा करते हुए कंपनी ने अलग-अलग तारीखों में उसे कुल 2 करोड़ 64 लाख 49 हजार 964 रुपये का कोयला उपलब्ध कराया. बाद में जब भुगतान का समय आया तो रकम नहीं चुकाई गई.
 
प्रतीकात्मक चित्र

Dhanbad News : करीब 2.64 करोड़ रुपये के कोयला गबन और धोखाधड़ी के मामले में बैंक मोड़ पुलिस ने मटकुरिया, कतरास रोड निवासी कारोबारी अजीत कुमार उर्फ अजीत कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है. शनिवार को पुलिस ने उसे धनबाद कोर्ट में पेश किया, जहां मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

 

मामले को लेकर बासुदेवा फ्यूल्स एंड लाइम कंपनी के प्रतिनिधि अब्दुल वाहिद अंसारी की शिकायत पर 12 जुलाई 2025 को बैंक मोड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी में ठगी, धोखाधड़ी और रकम गबन करने का आरोप लगाया गया है.


उधार पर कोयला लेकर नहीं किया भुगतान

शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2022 में अजीत कुमार कंपनी के रतनजी रोड स्थित कार्यालय पहुंचा था. उसने कंपनी के साझेदार प्रकाश अग्रवाल और अनिल अग्रवाल को बताया कि वह कोयले का कारोबार करता है और विभिन्न कंपनियों को कोयला सप्लाई करता है. उसने एक महीने की उधारी पर कोयला देने का आग्रह किया.

 

आरोप है कि कारोबारी पर भरोसा करते हुए कंपनी ने अलग-अलग तारीखों में उसे कुल 2 करोड़ 64 लाख 49 हजार 964 रुपये का कोयला उपलब्ध कराया. बाद में जब भुगतान का समय आया तो रकम नहीं चुकाई गई.

 

फर्जी कंपनियों के नाम पर उठाया कोयला

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अजीत कुमार ने जिन कंपनियों के नाम पर कोयला उठाया, उनमें कई कंपनियां अस्तित्व में ही नहीं थीं. आरोप है कि फर्जी कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर कोयला लिया गया और उसकी रकम कंपनी को वापस नहीं की गई.

 

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. मामले के अनुसंधानकर्ता श्रीनिवास राव ने वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 11 अगस्त 2026 को अदालत से अजीत कुमार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही