Search

धनबाद: वाहन जांच अभियान में 623 वाहनों की हुई जांच, 200 पर कार्रवाई

  • फैंसी नंबर प्लेट और बिना हेलमेट वालों पर कड़ा शिकंजा

Dhanbad : जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को बड़े पैमाने पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर एक साथ संचालित किया गया. 

 

अभियान के दौरान पुलिस की टीम पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद नजर आई. कुल 623 वाहनों की सघन जांच की गई जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 200 वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही चालान काटा गया. इस दौरान हर वाहन को रोककर बारीकी से जांच की गई जिससे नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया. जांच अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई फैंसी और अवैध नंबर प्लेट वाले वाहनों पर की गई.

 

कुल 125 ऐसे वाहन चिन्हित किए गए जिन पर नियमों के खिलाफ डिजाइनर नंबर प्लेट लगी हुई थी. पुलिस ने तत्काल चालान करते हुए वाहन मालिकों को मानक नंबर प्लेट लगाने की सख्त हिदायत दी. दोपहिया वाहनों पर हेलमेट जांच को लेकर भी विशेष सख्ती बरती गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब सिर्फ चालक ही नहीं बल्कि पीछे बैठने वाले यात्री के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है.

Uploaded Image

बिना हेलमेट चलने वालों को रोककर जुर्माना वसूला गया और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई. चारपहिया वाहनों में काले शीशे (ब्लैक फिल्म) लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने ऐसे वाहनों को मौके पर रोककर चालान किया और शीशों से अवैध फिल्म हटाने का निर्देश दिया.

 

इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई. जिनके पास कागजात अधूरे या नहीं थे उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई.

 

इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सभी नियमों का पालन करें, दोपहिया पर दोनों लोगों के लिए हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं. फैंसी नंबर प्लेट और काले शीशों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है.

 

पुलिस के इस सख्त अभियान से शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है. प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp