Search

 
 
 

धनबाद: टुंडी में हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, दो घर क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने खदेड़ा

जिले के टुंडी प्रखंड में गुरुवार देर रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
 

Dhanbad : जिले के टुंडी प्रखंड में गुरुवार देर रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि झुंड में पांच हाथी शामिल थे, जिनमें एक बच्चा हाथी भी था. यह झुंड गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र से होते हुए धनबाद जिले के पश्चिमी टुंडी प्रखंड में प्रवेश किया और देर रात डंडाटांड़ के रास्ते दलुगोड़ा गांव पहुंच गया.

 

 

गांव में प्रवेश करते ही हाथियों ने रिहायशी इलाके में तोड़फोड़ शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, दलुगोड़ा गांव निवासी रामलाल मुर्मू के घर को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. घर में रखे धान की फसल हाथियों ने खा ली, जबकि शेष अनाज को इधर-उधर बिखेर दिया. 

 

इसके बाद हाथियों ने दीवार तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया. घटना के समय घर में रामलाल मुर्मू की पत्नी चंदोली मुर्मू तथा उनकी तीन बेटियां संजोती कुमारी, सेवान्ती कुमारी और समिता कुमारी सो रही थीं. गनीमत रही कि सभी सुरक्षित हैं. घटना के वक्त घर के मुखिया रामलाल मुर्मू रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे.

 

हाथियों के उत्पात की सूचना मिलते ही मशाल लेकर स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने हाथियों के झुंड को गांव से बाहर खदेड़कर चीना पहाड़ी की ओर भेजा जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

 

शुक्रवार सुबह भाजपा टुंडी मंडल अध्यक्ष गोविन्द टुडू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की. साथ ही तत्काल राहत के तौर पर पीड़ित परिवार को अनाज एवं ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराने की मांग भी की.

 

हाथियों के लगातार विचरण और उत्पात से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

 

 

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही